
बरेली में सास और साले की हत्या के आरोपी अफसर खां ने विदेशी पिस्टल से पुलिस टीम पर 10 राउंड फायरिंग की थी। पुलिस ने इस पिस्टल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी के पास यह पिस्टल कहां से आई? बरेली में सास और साले की हत्या के आरोपी अफसर खां के एनकाउंटर मामले में बुधवार को पुलिस ने मानवाधिकार आयोग को रिपोर्ट भेज दी है। इधर, एहतियातन गांव में फोर्स तैनात की गई है। आरोपी अफसर के हमले में घायल सायमा की हालत में भी सुधार हो रहा है। पुलिस के मुताबिक अफसर के पास मिले इटली मेड पिस्टल को भी फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।इज्जतनगर थाना क्षेत्र के रहपुरा चौधरी गांव में पंचायत के दौरान सोमवार को अफसर खां ने चाकू से गोदकर अपनी सास आसमां और साले आदिल की हत्या कर दी थी। पत्नी सायमा पर भी जानलेवा हमला किया था। सायमा को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंगलवार सुबह पुलिस ने अफसर को सहारा ग्राउंड के पास मुठभेड़ में ढेर कर दिया। पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान अफसर ने पिस्टल से 10 राउंड फायरिंग की थी। इसमें दो सिपाही भी घायल हुए थे।एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि अफसर खां के पास इटली मेड पिस्टल कहां से आई, इसकी जांच की जा रही है। गांव रहपुरा चौधरी में शांति है। एहतियातन फोर्स तैनात है। अस्पताल में भर्ती सायमा की भी निगरानी की जा रही है। उसकी हालत में अब सुधार है।
हत्या, चोरी और जालसाजी के पहले से दर्ज हैं पांच मामले
सास और साले की हत्या व पत्नी को घायल करने के आरोपी अफसर के खिलाफ हत्या, चोरी और जालसाजी के पहले से पांच मामले दर्ज हैं। 2006 में उसने अपने मामा की गला रेतकर हत्या की थी। इस मामले उसको उम्रकैद की सजा हो चुकी है। 10 साल जेल में रहने के बाद अपीलीय न्यायालय से जमानत पर जेल से बाहर आया था। उसने अपनी चचेरी बहन सायमा से निकाह किया था। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के रहपुरा चौधरी में 16 मार्च (सोमवार) को दोपहर राशिद खां के घर पर चल रही पंचायत के दौरान अफसर खां उर्फ बोरा ने सास आसमां (50), साले आदिल (19) और पत्नी सायमा (24) को चाकू से गोद दिया था। निजी अस्पताल में आसमां और आदिल को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था, जबकि सायमा का इलाज अभी चल रहा है। वारदात के बाद एसएसपी अनुराग आर्य ने इज्जतनगर थाना प्रभारी, एसओजी और सर्विलांस टीमों को आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगाया था।तलाश में जुटी पुलिस को मंगलवार सुबह सूचना मिली थी कि आरोपी ग्राम मुड़िया अहमद की ओर गया है। पुलिस सुबह करीब पौने छह बजे सैदपुर मोड़ के करीब पहुंची तो आरोपी सहारा ग्राउंड की ओर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी से आमना-सामना हो गया। पुलिस को देखते ही अफसर खां ने पिस्टल से कई राउंड फायर किए। पुलिस की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें आरोपी को दो गोलियां लगीं। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद उसके शव को सुपुर्दे खाक कर दिया गया।



