
उत्तराखंड के काशीपुर शहर में शनिवार की देर रात ऐसा मंजर देखने को मिला, जिसने माहौल को संवेदना से भर दिया। मिनी बाइपास स्थित झण्डू शाह के पास एक खाली डंपर से सड़क पार कर रहे गाय के बछड़े को टक्कर लग गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बछड़ा सड़क पर ही गिर पड़ा और तड़पने लगा।आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई।सबसे पहले पास के मोहल्ले के लोग आ गये। किसी ने पानी लाकर दिया, किसी ने उसके शरीर को सहारा दिया। “जान तो जान होती है, धर्म देखकर थोड़ी बचाई जाती है,” मौके पर मौजूद एक युवक ने कहा।स्थानीय लोगों ने तुरंत गौ-रक्षक दल को फोन किया। कुछ ही देर में मदद पहुंची और घायल बछड़े को सावधानी से वाहन में लादकर गौशाला भेजा गया, जहां उसका इलाज शुरू कराया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अगर थोड़ी देर और होती तो हालत और बिगड़ सकती थी।घटना के बाद वहां खड़े लोग एक-दूसरे की तरफ देख रहे थे। किसी के चेहरे पर चिंता थी, तो किसी के मन में राहत कि वक्त रहते मदद मिल गई। इस छोटी-सी घटना ने यह दिखा दिया कि इंसानियत आज भी जिंदा है। काशीपुर की इस तस्वीर ने भाईचारे और मानवीय संवेदना की एक मजबूत मिसाल पेश की है।



