
काशीपुर। सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कल काशीपुर नगर निगम प्रांगण में पहुंचकर काशीपुरवासियों के साथ होली के पर्व पर आयोजित ‘रंगोत्सव’ होली मिलन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे शिरकत। कार्यक्रम से पूर्व आज महापौर दीपक बाली ने प्रेसवार्ता करके कल होने वाले कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। वहीं महापौर दीपक बाली ने आज कार्यक्रम स्थल व नगर निगम प्रांगण का निरीक्षण भी किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री धामी आम जनता के बीच काफी समय तक मौजूद रहकर होली मिलन कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। यह पहला अवसर होगा जब कोई मुख्यमंत्री काशीपुर की जनता के साथ होली खेलेंगे।रंगोत्सव कार्यक्रम सुबह 11 बजे आरंभ होगा। महापौर बाली ने मीडिया को बताया कि इसमें उत्तराखंड की लोक-संस्कृति को आगे बढ़ाने वाले लोक गायक इंद्र आर्या, गोविंद दिगारी, खुशी जोशी और पूर्वांचल के गायक आलोक कुमार प्रस्तुति देंगे। इसके अतिरिक्त, फूलों की होली के लिए विख्यात ब्रज के रास कलाकार भी अपनी सुंदर प्रस्तुति देंगे।महापौर ने आम जनमानस से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में नगर निगम प्रांगण पहुंचकर इस रंगोत्सव कार्यक्रम को ऐतिहासिक और यादगार बनाएं। कार्यक्रम को लेकर एसपी काशीपुर स्वप्न किशोर सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कल की तैयारी को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और यातायात योजना में भी बदलाव किया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।



