Homeप्रदेशहोली से पहले फरीदपुर में उमड़ी भीड़, देर रात तक बाजार रहा...

होली से पहले फरीदपुर में उमड़ी भीड़, देर रात तक बाजार रहा गुलजार

फरीदपुर, ।
होली की रंगत इस बार एक दिन पहले ही बाजारों में दिखने लगी। बुधवार को मनाए जाने वाले पर्व को लेकर मंगलवार देर रात तक फरीदपुर का मुख्य बाजार लोगों से भरा रहा। हर गली में चहल-पहल थी, दुकानों के बाहर भीड़ और अंदर खरीदारों की आवाजाही थमने का नाम नहीं ले रही थी।

रेडीमेड गारमेंट्स की दुकानों पर युवा और बच्चे नए कपड़े चुनते दिखे। फुटवियर की दुकानों पर भी अच्छी-खासी भीड़ रही। किराना दुकानों से लेकर सब्जी मंडी तक लोगों ने जमकर खरीदारी की। गुझिया के लिए खोया, मेवा और रंग-गुलाल की थैलियां हाथों-हाथ बिकती रहीं। एक दुकानदार ने हंसते हुए कहा, “आज तो सुबह से बैठने का मौका नहीं मिला, त्योहार की असली रौनक आज ही दिखी है।”

सबसे ज्यादा भीड़ शराब की दुकानों पर देखने को मिली। होली के दिन बंदी रहने की वजह से लोगों ने पहले ही इंतजाम कर लिया। कई जगह लंबी कतारें लगी रहीं। एक ग्राहक ने कहा, “भाई, कल दुकान बंद रहेगी, इसलिए आज ही ले जाना जरूरी है।”

रात गहराती रही, लेकिन बाजार की रफ्तार कम नहीं हुई। हर चेहरे पर त्योहार की खुशी साफ झलक रही थी। फरीदपुर में होली की तैयारी पूरे जोश के साथ नजर आई।

SourceUP HEAD
RELATED ARTICLES

Most Popular