
फरीदपुर (बरेली)। नगर फरीदपुर में गैस सिलेंडर को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि बात मारपीट और जान से मारने की धमकी तक पहुंच गई। मामला कस्बा फरीदपुर के मोहल्ला परा का है, जहां एक गैस डिलीवरी करने वाले सभासद के साथ दबंगई का आरोप लगा है।पीड़ित, जो पिछले 16 साल से गैस एजेंसी पर काम कर रहा है, ने बताया कि 12 मार्च को मोहल्ले की एक महिला की परेशानी देखते हुए उसने बिना केवाईसी के ही इंसानियत के नाते सिलेंडर दे दिया। “सोचा था अगले दिन कागज पूरे करवा लेंगे,” उसने कहा।लेकिन अगले ही दिन मामला उलझ गया। आरोप है कि मोहल्ले का ही एक व्यक्ति तीन सिलेंडर बिना पर्ची के मांगने लगा। मना करने पर गाली-गलौज शुरू हो गई। पीड़ित का कहना है, “उसने झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी और मारने दौड़ा।”घटना यहीं नहीं थमी। बाद में आरोपी अपने साथियों के साथ गैस गोदाम के पास फिर पहुंचा और दोबारा मारपीट की कोशिश की। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया।इलाके में इस घटना के बाद तनाव का माहौल है। पीड़ित ने पुलिस से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की है।



