
बरेली के फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र में सोमवार को रामगंगा नदी में बड़ी संख्या में गौवंश के शव और अवशेष बहते हुए मिले। नगरिया कला ग्राम पंचायत के मझरा गांव खनी नवादा के पास नदी किनारे और धारा में फंसे इन शवों को जानवर नोचते देखे गए, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता फैल गई।ग्रामीणों ने इन शों के वीडियो बनाकर गौरक्षक संघ के कार्यकर्ताओं को भेजे।

गौरक्षक सत्यम गौड़ और विनोद राठौर ने इन वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसके बाद यह मामला पुलिस प्रशासन के संज्ञान में आया।सूचना मिलने पर थाना प्रभारी संतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने नदी से गौवंश के शवों को बाहर निकलवाया। पशु चिकित्सा अधिकारी द्वारा पोस्टमार्टम के बाद, जेसीबी मशीन से गड्ढे खोदकर शवों को विधिवत दफनाया गया।ग्रामीणों ने बताया कि नगरिया कला घाट पर गंगा स्नान पर्वो पर लाखों श्रद्धालु आते हैं। उनका कहना है कि नदी में गौवंश के शवों का मिलना आस्था को प्रभावित करता है और नदी के पानी को भी दूषित करता है।थाना प्रभारी संतोष कुमार ने पुष्टि की कि गौवंश के अवशेषों का पोस्टमार्टम कराकर उन्हें दफना दिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है।



