
बरेली।बारादरी थाना क्षेत्र में एक युवक की घिनौनी और आपत्तिजनक हरकत ने एक युवती की जिंदगी में भूचाल ला दिया।आरोप है कि युवक ने युवती के फोटो एडिट कर उसके मंगेतर को भेज दिए, जिसके बाद बिना सच्चाई जाने ही मंगेतर ने शादी तोड़ दी।इस घटना से न केवल युवती की शादी टूटी, बल्कि उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को भी गहरा नुकसान पहुंचा।पीड़िता के अनुसार आरोपी युवक कैफी थाना बारादारी का निवासी है, जो वर्तमान में सऊदी अरब में नौकरी करता है। वह शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता भी है।युवती ने बताया कि उसकी शादी करीब छह महीने पहले बदायूं जिले में तय हुई थी और शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। इसी दौरान आरोपी ने अपने दो साथियों और अपनी पत्नी के साथ मिलकर युवती के फोटो एडिट किए और उन्हें मंगेतर तक पहुंचा दिया।चरित्र पर लगाए आरोप, विरोध करने पर की मारपीट और जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा पीड़िता का आरोप है कि एडिट किए गए फोटो के साथ आरोपी ने उसके चरित्र और परिवार को लेकर भी झूठी व आपत्तिजनक बातें फैलाईं।फोटो और आरोप देखकर मंगेतर और उसके परिजन भड़क गए और बिना किसी जांच-पड़ताल के रिश्ता तोड़ दिया।युवती ने अपनी सफाई देने की भरपूर कोशिश की, लेकिन तब तक हालात बिगड़ चुके थे और शादी टूट गई।पीड़िता ने बताया कि जब उसने इस पूरे मामले की शिकायत आरोपी की पत्नी और मां से की तो उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर युवती के साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई।घटना के बाद से युवती और उसका परिवार मानसिक तनाव और भय के साए में जीने को मजबूर है।मामले से आहत होकर पीड़िता बारादरी थाने पहुंची और आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है।थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है, मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



