
गन्ना किसानों के लिए राहत और भरोसे की खबर सामने आई है। द्वारिकेश चीनी मिल ने पेराई सत्र 2025-26 के तहत किसानों को उनके गन्ने का भुगतान समय पर कर दिया है। मिल प्रबंधन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, 6 जनवरी 2026 से 12 जनवरी 2026 तक आपूर्ति किए गए गन्ने का मूल्य 19 जनवरी 2026 को सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजा गया।इस चरण में कुल 1995.10 लाख रुपये का भुगतान समिति द्वारा उपलब्ध कराए गए किसानों के खातों में ट्रांसफर किया गया है। इसके साथ ही पेराई सत्र में अब तक द्वारिकेश चीनी मिल कुल 18210.98 लाख रुपये का गन्ना मूल्य भुगतान कर चुकी है। समय पर भुगतान मिलने से किसानों के चेहरे पर संतोष और भरोसा साफ दिखाई दे रहा है।मिल प्रबंधन का कहना है कि किसानों का हित ही उनकी प्राथमिकता है और गन्ना मूल्य का भुगतान तय समय में करना उनकी प्रतिबद्धता का हिस्सा है। प्रबंधन ने किसानों से अपील की है कि वे आने वाले सत्र के लिए अभी से तैयारी शुरू करें। इसके लिए अधिक से अधिक क्षेत्रफल में उन्नतशील और स्वीकृत प्रजातियों की गन्ना बुवाई की सलाह दी गई है। साथ ही किसानों से कहा गया है कि वे अपना स्वयं का बीज सुरक्षित रखें या किसी अन्य किसान भाई के प्लाट में बीज सुरक्षित करने की व्यवस्था करें।चीनी मिल ने किसानों से साफ, ताजा और अच्छी गुणवत्ता वाला गन्ना ही आपूर्ति करने का अनुरोध भी किया है, ताकि पेराई कार्य सुचारु रूप से चलता रहे और सभी को इसका लाभ मिल सके।द्वारिकेश शुगर इंडस्ट्रीज लिमिटेड का कहना है कि वह अपने क्षेत्र में विकास के साथ-साथ किसान भाइयों की सामाजिक और आर्थिक उन्नति के लिए लगातार प्रयासरत है। समय पर भुगतान और भविष्य की स्पष्ट योजना इसी दिशा में उठाया गया एक मजबूत कदम माना जा रहा है।



